Search
Close this search box.

ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण, सड़क हादसों में कमी लाने तकनीकी सुधारों की बनेगी कार्ययोजना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण, सड़क हादसों में कमी लाने तकनीकी सुधारों की बनेगी कार्ययोजना

अंबिकापुर, 30 सितंबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस, परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न दुर्घटना जन्य क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया गया।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत रिंग रोड अंबिकापुर, बनारस रोड, खरसिया नाका, अंबिकापुर-बतौली मेन रोड NH-43 एवं प्रतापपुर रोड सहित अन्य चिन्हांकित दुर्घटना जन्य क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया गया।

दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा

संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान संबंधित मार्गों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की समीक्षा की। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक तकनीकी सुधार, सुरक्षा उपाय एवं यातायात संकेतकों की आवश्यकता का मौके पर आकलन किया गया।

निरीक्षण के दौरान ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना जन्य क्षेत्रों में—

दुर्घटना चेतावनी बोर्ड लगाने,

आवश्यक स्थानों पर स्पीड लिमिट बोर्ड लगाने,

यातायात संकेतकों में सुधार करने,

सड़क के आवश्यक हिस्सों में डामरीकरण एवं तकनीकी सुधार करने,

दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने

संबंधी स्थलों का चिन्हांकन किया गया।

संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों के लिए संयुक्त कार्ययोजना एवं रिपोर्ट तैयार की गई है, जिसे संबंधित विभागों के माध्यम से आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त्य, परिवहन विभाग के उप निरीक्षक ए.टी. द्विवेदी, iRAD/e-DAR डीआरएम शिवराम परिडा, NH विभाग के एसडीओ निखिल लकड़ा, PWD अनुभाग अंबिकापुर के उप अभियंता महेश साहू, थाना मणीपुर प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, PWD अनुभाग लुण्ड्रा की उप अभियंता सरिता ठाकुर, PWD प्रतापपुर रोड की उप अभियंता पल्लवी दुबे, उप अभियंता प्रमोद मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सरगुजा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की लगातार समीक्षा एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें