

ड्रंक एंड ड्राइव और बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर 15 हजार रुपये का जुर्माना
बतौली पुलिस की कार्रवाई, न्यायालय ने मोटरसाइकिल चालक को अर्थदंड से किया दंडित
बतौली, सरगुजा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बतौली पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने शराब के नशे में और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के मोटरसाइकिल चलाने वाले एक युवक के विरुद्ध कार्रवाई की है। मामले में माननीय न्यायालय ने वाहन चालक को 15 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बतौली पुलिस टीम द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम सत्यनारायण ठाकुर, पिता ठाकुर राम, उम्र 29 वर्ष, निवासी नवापारा, थाना दरिमा बताया।
जांच के दौरान चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। मेडिकल परीक्षण में भी उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं पाया गया।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 एवं 3/181 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन चालक को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां माननीय न्यायालय ने मामले में सुनवाई करते हुए चालक पर 15,000 रुपये का अर्थदंड लगाया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर सहित थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की अपील: वाहन चालक शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और वैध ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रूप से रखें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखें।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ









