Search
Close this search box.

शासकीय भूमि को निजी बताकर फर्जी तरीके से बिक्री करने का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

शासकीय भूमि को निजी बताकर फर्जी तरीके से बिक्री करने का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार

कमलेश्वरपुर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

सरगुजा, 31 अक्टूबर 2026। शासकीय भूमि को कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से निजी भूमि दर्शाकर बिक्री करने के मामले में कमलेश्वरपुर पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुलेश्वर गुप्ता (50 वर्ष), पिता गणेश गुप्ता, निवासी ग्राम अलोला, थाना कापू, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। मामले में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी उमेश्वर सिंह ने थाना कमलेश्वरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि खसरा नंबर 1378 के वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में कूटरचना कर फर्जी तरीके से निजी भूमि की प्रविष्टि तैयार की गई है। मामले की जांच में सामने आया कि उक्त खसरा नंबर बंदोबस्त वर्ष 1995-96 के अभिलेखों में भी शासकीय भूमि के रूप में छोटे झाड़ के जंगल मद में दर्ज है। इसके बावजूद वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में इसे निजी भूमि दर्शाने वाली कथित फर्जी प्रविष्टि तैयार की गई थी।

जांच के दौरान इस मामले में तुलेश्वर गुप्ता एवं अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 82/26 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी तुलेश्वर गुप्ता की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। वहीं, मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश और प्रकरण की अग्रिम विवेचना जारी है।

इनकी रही सक्रिय भूमिका

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक लक्ष्मी नारायण साव, सहायक उप निरीक्षक ललन गुप्ता, प्रधान आरक्षक विजय रवि, राजीव कुजूर, आरक्षक सूरज राठिया एवं साइबर सेल अंबिकापुर की टीम सक्रिय रही।

 

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें