

बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ में किसानों को बड़ी राहत, कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरे 21 क्विंटल का बोनस
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना में संशोधन को दी मंजूरी, अब प्रति एकड़ मिलेंगे 13,839 रुपये
रायपुर। छत्तीसगढ़ के धान उत्पादक किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए कृषक उन्नति योजना में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अब किसानों को निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।
नई व्यवस्था के अनुसार पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान के हिसाब से निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि अब किसानों के लिए सहकारी समितियों एवं लैम्पस के माध्यम से प्रति एकड़ निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस संशोधन प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके तहत धान फसल पर आदान सहायता राशि प्रति क्विंटल के बजाय प्रति एकड़ के मान से देने का निर्णय लिया गया है।
बाहर से धान लाकर बेचने की प्रवृत्ति पर लगेगी रोक
सरकार का मानना है कि नई व्यवस्था से बोनस का लाभ लेने के लिए बाहर से धान लाकर अपने पंजीकृत खाते में बेचने की कोशिशों पर अंकुश लगेगा। साथ ही वास्तविक धान उत्पादक किसानों को निर्धारित सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा।
धान खरीदी की मात्रा में आ सकती है कमी
धान खरीदी नीति में बदलाव के बाद सरकार ने पिछले खरीफ विपणन वर्ष की तुलना में इस वर्ष कम धान खरीदी होने का अनुमान जताया है। पिछले वर्ष प्रदेश में लगभग 149 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। इस वर्ष निर्धारित लक्ष्य की तुलना में कम मात्रा में धान उपार्जन होने की संभावना जताई गई है।
कृषक उन्नति योजना में किए गए इस संशोधन से उन किसानों को विशेष राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश अपनी पूरी निर्धारित धान उपार्जन मात्रा समितियों में नहीं बेच पाते हैं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ









