

गांधी स्टेडियम और चौपाटी से चोरी हुईं 5 मोटरसाइकिलें बरामद, शातिर आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के पांच मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आदित्य कुजूर निवासी महुआपारा, थाना गांधीनगर 12 नवंबर 2026 की सुबह अपनी होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 DK 2980 से गांधी स्टेडियम पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल स्टेडियम के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर वाहन गायब मिला। इसकी रिपोर्ट पर कोतवाली थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 790/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध विजय गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान विजय गुप्ता (50 वर्ष), निवासी डेहरी, कोयला डिपो के पास, थाना डेहरी, जिला रोहतास (बिहार), हाल मुकाम केदारपुर, अंबिकापुर के रूप में बताई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने गांधी स्टेडियम के बाहर से होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा उसने एक बजाज सीटी, एक स्प्लेंडर प्लस और दो होंडा ड्रीम शाइन मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पांचों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद वाहनों की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक आलोक सोनी, प्रधान आरक्षक सूरज राय, सियाराम मरावी, सदरक लकड़ा तथा आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा और शिव राजवाड़े सक्रिय रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








