Search
Close this search box.

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सरगवां का भारत सरकार के उप सचिव श्री चरणजीत सिंह तनेजा ने किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सरगवां का भारत सरकार के उप सचिव श्री चरणजीत सिंह तनेजा ने किया निरीक्षण

 

अम्बिकापुर 28 सितम्बर 2026/ कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित आवासीय वातावरण, बेहतर सुविधाएं एवं सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का जायजा लेने भारत सरकार के शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय के उप सचिव श्री चरणजीत सिंह तनेजा ने 27 सितम्बर को अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सरगवां का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के साथ ही छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, खेलकूद, आवासीय सुविधाओं एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी ली।

 

निरीक्षण के दौरान उप सचिव श्री चरणजीत सिंह तनेजा ने छात्रावास परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संस्था की अधीक्षिका श्रीमती गुलाब खेस से छात्रावास संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। छात्राओं से संवाद के दौरान उन्होंने विद्यालय एवं छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं तथा विभिन्न गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। छात्रावास की भोजन व्यवस्था, पढ़ाई, खेलकूद सहित अन्य सुविधाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने छात्राओं की बातों और सुझावों को भी जाना।

 

इस अवसर पर छात्रा कुंती ने स्थानीय भाषा में गीत प्रस्तुत किया, जिसकी उप सचिव श्री तनेजा ने सराहना करते हुए छात्रा का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बालिकाओं की प्रतिभा और रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ कला, संस्कृति, खेलकूद एवं व्यावसायिक कौशल जैसी गतिविधियां बालिकाओं के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

 

निरीक्षण के दौरान उप सचिव श्री तनेजा के कर-कमलों से संस्था में प्रतिमाह प्रकाशित होने वाली ‘दिशा’ एवं ‘विज्ञान जगत’ पत्रिकाओं का विमोचन भी किया गया। उन्होंने कस्तूरबा परिवार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में और बेहतर प्रयास किए जाने के संबंध में शिक्षकों एवं छात्राओं से सुझाव लिए।

 

उन्होंने व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत छात्राओं द्वारा तैयार की जा रही टोकरी निर्माण, मूर्तिकला, चित्रकला सहित विभिन्न रचनात्मक एवं कौशल आधारित गतिविधियों का अवलोकन किया। छात्राओं द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियों को देखकर उन्होंने बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान छात्राओं ने उनके द्वारा तैयार की गई खूबसूरत कलाकृतियां अधिकारियों को स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट कीं।

 

निरीक्षण के दौरान राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा से उपसंचालक श्री डी. के. कौशिक, श्री राजेश सिन्हा, सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक श्री राजेश सिंह, समग्र शिक्षा के एपीसी श्री करुणेश श्रीवास्तव एवं श्रीमती दीपमाला सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें