Search
Close this search box.

जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लुंड्रा के नवनिर्मित भवन का वर्चुअल उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लुंड्रा के नवनिर्मित भवन का वर्चुअल उद्घाटन

ग्राम सहनपुर में आयोजित हुआ समारोह, जनजातीय विद्यार्थियों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं

लुंड्रा/सरगुजा, 15 नवंबर 2026। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा जिले के विकासखंड लुंड्रा अंतर्गत ग्राम सहनपुर में नवनिर्मित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लुंड्रा के भवन का वर्चुअल उद्घाटन किया।

भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय की पहल पर स्थापित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से क्षेत्र के जनजातीय छात्र-छात्राओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य सहशैक्षणिक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए जनजातीय विकास विभाग अंबिकापुर के सहायक आयुक्त श्री किरण राजपूत ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लुंड्रा जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज के अधिकारों एवं स्वाभिमान के लिए उनके योगदान को याद किया गया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय परंपरा एवं जनजातीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री सुशील कुमार यादव ने मंचासीन अतिथियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों, मीडिया प्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लुंड्रा का शुभारंभ जनजातीय अंचल में शिक्षा के विस्तार और नई पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें