

जमशेदपुर में गंभीर वारदात के बाद फरार 4 आरोपी सरगुजा पुलिस की नाकेबंदी में गिरफ्तार
अर्टिगा वाहन जब्त, झारखंड पुलिस को सौंपे गए आरोपी
अंबिकापुर, 28 सितंबर 2026। जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में फायरिंग की गंभीर वारदात को अंजाम देकर फरार हुए चार आरोपियों को सरगुजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मणिपुर थाना क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अर्टिगा वाहन क्रमांक JH 05 EA 7928 भी जब्त किया गया है।
रेस्टोरेंट में हुई थी अंधाधुंध फायरिंग
दिनांक 26 सितंबर 2026 को पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के थाना सोनारी क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव स्थित उदिपी रेस्टोरेंट में आरोपियों द्वारा कथित रूप से अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
घटना के संबंध में थाना सोनारी में अपराध क्रमांक 80/2026, धारा 109, 111(2)(बी), 3(5), 61(2) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
सूचना मिलते ही सरगुजा पुलिस ने की नाकेबंदी
दिनांक 27 सितंबर 2026 की रात अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सीतापुर श्री तुल सिंह पट्टावी को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति अर्टिगा वाहन क्रमांक JH 05 EA 7928 से बिलासपुर की ओर से अंबिकापुर की तरफ जा रहे हैं।
सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को, विशेषकर बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर, तत्काल कड़ी नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की धरपकड़ के निर्देश दिए।
निर्देश के पालन में थाना मणिपुर प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी एवं पुलिस टीम द्वारा थाना मणिपुर के सामने नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अर्टिगा वाहन को रोककर जांच की गई और उसमें सवार चार संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने पकड़ लिया।
चारों आरोपियों को पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
रमेश कुमार शर्मा उर्फ टीटू, उम्र 50 वर्ष, निवासी राउरकेला, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा।
मनोज उर्फ भन्दू सरकार, उम्र 53 वर्ष, निवासी परसुडीह, जिला पूर्वी सिंहभूम, झारखंड।
दीपू ओझा, उम्र 35 वर्ष, निवासी जमशेदपुर, झारखंड।
शंकर मुंडा, उम्र 42 वर्ष, निवासी सीतारामडेरा, पूर्वी सिंहभूम, झारखंड।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों की जमशेदपुर की उक्त घटना में संलिप्तता की पुष्टि हुई। मामले की जानकारी तत्काल झारखंड पुलिस के साथ साझा की गई।
झारखंड पुलिस को सौंपे गए आरोपी
झारखंड पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। इसके बाद आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए झारखंड पुलिस के सुपुर्द किया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना मणिपुर प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक छात्रपाल सिंह, प्रधान आरक्षक रजनीकांत मिश्रा, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र जांगड़े, आरक्षक निरंजन बड़ा, नरेश सिंह, अनिल सिंह, रामशंकर यादव एवं सैनिक ओमप्रकाश दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सरगुजा पुलिस की त्वरित नाकेबंदी और सक्रियता से अंतरराज्यीय वारदात के बाद फरार आरोपियों को जिले में ही पकड़ने में सफलता मिली।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








