Search
Close this search box.

97 नशीले इंजेक्शन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 97 हजार रुपये का माल जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

97 नशीले इंजेक्शन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, 97 हजार रुपये का माल जब्त

 

मेडिकल दुकान से इंजेक्शन लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करने की थी योजना, कोतवाली पुलिस ने शंकरघाट खनिज बैरियर के पास घेराबंदी कर पकड़ा

 

अंबिकापुर/सरगुजा, 17 नवंबर 2026। सरगुजा जिले में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 97 नग प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 97 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मेडिकल दुकान से नशीले इंजेक्शन लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करने की फिराक में थे।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डिगमा निवासी अंकित गुप्ता अपने साथी साहिद अंसारी के साथ नशीले इंजेक्शन की बिक्री करने के लिए शंकरघाट खनिज बैरियर के पास आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की।

 

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित गुप्ता (27 वर्ष), निवासी जयसिंहनगर, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश), वर्तमान निवासी डिगमा, गांधीनगर थाना क्षेत्र तथा साहिद अंसारी (25 वर्ष), निवासी दिनाबार, थाना रामगढ़, जिला पलामू (झारखंड) के रूप में हुई है।

 

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 नग NRX Buprenorphine Injection IP 0.3 mg/ml (Rexogesic) और 57 नग Pheniramine Maleate Injection IP (Avil) बरामद किए। इस तरह कुल 97 नग इंजेक्शन, जिनकी कुल मात्रा 650 एमएल बताई गई है, जब्त किए गए। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत लगभग 97 हजार रुपये आंकी गई है।

 

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने उक्त इंजेक्शन मेडिकल दुकान से बिक्री के उद्देश्य से लाना बताया। मामले में अपराध के साक्ष्य पाए जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 797/26 के तहत धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।

 

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक आशी झा, अनुराग वर्मा, सहायक उप निरीक्षक देवनारायण यादव तथा आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, हिमांशु दास, लाल बाबू सिंह और शिव राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।

 

नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर सरगुजा पुलिस की लगातार कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस इस तरह के मामलों में सख्ती बरत रही है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें