

नगर बतौली में भव्यता के साथ हुआ सरगुजा ओलंपिक का आयोजन, विधायक रामकुमार टोप्पो ने किया शुभारंभ
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर बढ़ाया हौसला, पुरस्कार वितरण के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ आयोजन
बतौली। नगर बतौली में सरगुजा ओलंपिक का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भव्य तरीके से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शामिल खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका हौसला बढ़ाया।
सरगुजा ओलंपिक के दौरान विभिन्न पारंपरिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना। व्यापक प्रशासनिक तैयारियों के बीच आयोजित प्रतियोगिताओं में युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल मैदान में खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ उत्साह और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
आयोजन के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देने में सरगुजा ओलंपिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य नागमणि पैकरा, मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता, भाजपा महामंत्री विश्वनाथ यादव, अमित गुप्ता, अनीमेष अग्रवाल, नितिन गुप्ता, दीपक गुप्ता, नवीन गुप्ता, सरपंच संजय सिंह, श्रवण यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी लक्ष्मी नारायण सिदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेशपाल, उमेश गुप्ता, लव गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, पंचायत सचिव, स्कूली शिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल विधाओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है। आयोजन को लेकर युवाओं और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अंत में आयोजन समिति एवं प्रशासन की ओर से सभी प्रतिभागियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अधिकारियों-कर्मचारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। खेल, उत्साह और पुरस्कारों के साथ सरगुजा ओलंपिक का यह आयोजन नगर बतौली में यादगार बन गया।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ










