Search
Close this search box.

किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी की जानकारी दी, कृषक उन्नति योजना के संशोधन पर विधायक टोप्पो ने रखी बात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी की जानकारी दी, कृषक उन्नति योजना के संशोधन पर विधायक टोप्पो ने रखी बात

 

भाजपा जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता, जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद

 

अंबिकापुर। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों की जानकारी देने शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय अंबिकापुर में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की उपस्थिति में पत्रकारों को मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए किसान हितैषी फैसलों की जानकारी दी।

 

प्रेसवार्ता में विधायक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी करेगी। वहीं कृषक उन्नति योजना में संशोधन करते हुए धान की फसल के लिए प्रति क्विंटल के स्थान पर प्रति एकड़ के आधार पर आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।

 

उन्होंने बताया कि इस निर्णय से प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने का अनुमान है। योजना के तहत यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे पंजीकृत रकबे के हिसाब से 13,839 रुपए प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि मिलेगी। सरकार ने इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

 

15 नवंबर से 15 जनवरी तक होगी धान खरीदी

 

विधायक ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। किसानों को धान विक्रय के 72 घंटे के भीतर राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। एग्रीस्टैक (AgriStack) आईडी से पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही समिति में अलग से ऋण पुस्तिका लाने की अनिवार्यता भी नहीं रहेगी। डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से रकबे का ऑनलाइन निर्धारण और वास्तविक किसानों की पहचान के लिए बायोमेट्रिक आधारित खरीदी व्यवस्था की गई है।

 

प्रदेश में खुलेंगे 360 नए धान खरीदी केंद्र

 

किसानों को धान विक्रय में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश में खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3100 हो जाएगी। विधायक ने कहा कि नए केंद्र खुलने से किसानों को धान बेचने के लिए अधिक सुविधा मिलेगी और खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।

 

तीन वर्षों में 35,904.90 करोड़ रुपए की अंतर राशि

 

प्रेसवार्ता में कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में किसानों को दी गई सहायता राशि का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। इसके अनुसार वर्ष 2023-24 में 13,289 करोड़, वर्ष 2024-25 में 11,976 करोड़ तथा वर्ष 2025-26 में 10,639 करोड़ रुपए किसानों के खातों में अंतर राशि के रूप में हस्तांतरित किए गए। इस प्रकार तीन वर्षों में कुल 35,904.90 करोड़ रुपए की सहायता दी गई।

 

वहीं धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रति एकड़ सहायता राशि 11 हजार रुपए से बढ़ाकर 15 हजार रुपए करने का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत 52 हजार से अधिक किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है। इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत पात्र भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है।

 

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है। कृषक उन्नति योजना में किए गए संशोधन से किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि क्षेत्र में फसल विविधीकरण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

 

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री विनोद हर्ष, किसान मोर्चा जिला प्रभारी मुन्नालाल चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी रूपेश दुबे, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिल निराला उरांव, मोर्चा महामंत्री अनिल तिवारी, जनमेजय मिश्रा, रूपेश गुप्ता एवं कुणाल सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता  और पत्रकार उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें