सीतापुर-मैनपाट कृषि विभाग की संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई, 70 बोरी नीम कोटेड यूरिया जब्त
सीतापुर। कृषि विभाग द्वारा अवैध रूप से खाद परिवहन एवं भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में सीतापुर-मैनपाट कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए 70 बोरी नीम कोटेड यूरिया से भरी एक पिकअप वाहन क्रमांक CG 14 MK 6568 को जब्त किया है।
जांच के दौरान वाहन चालक से खाद परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह किसी प्रकार के दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद टीम ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए खाद सहित वाहन को जप्त कर थाना सीतापुर के सुपुर्द कर दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में चालक द्वारा उक्त खाद को जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से मंगाया जाना बताया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग ने जब्त खाद के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेज दिए हैं, ताकि उसकी गुणवत्ता एवं वैधता की पुष्टि की जा सके।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की सुरक्षा तथा अवैध खाद कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वहीं मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








