तेज रफ्तार इनोवा ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक गंभीर घायल
तहसील कार्य से जा रहे तीन युवक हादसे का हुए शिकार, पुलिस जांच में जुटी
बतौली, सरगुजा। बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 रायगढ़ रोड पर सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार इनोवा कार द्वारा बाइक को जोरदार टक्कर मार दिए जाने से यह दुर्घटना हुई, जिससे क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीतापुर से अंबिकापुर इलाज एवं तहसीली कार्य के लिए जा रहे तीन युवक दुर्घटना का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि तेज गति से आ रही इनोवा वाहन क्रमांक CG 07 AX 1489 ने बाइक क्रमांक CG 15 D 7932 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
दुर्घटना में जागेश्वर पिता पाहुरू राम, निवासी मानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक में सवार अन्य युवकों को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार जागेश्वर की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है तथा वाहन चालक की तलाश जारी है।
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाने की मांग उठाई है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








