Search
Close this search box.

रजौटी में धान खरीदी केंद्र निर्माण का रास्ता साफ, एसडीएम ने 2.023 हेक्टेयर शासकीय भूमि का किया चिन्हांकन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रजौटी में धान खरीदी केंद्र निर्माण का रास्ता साफ, एसडीएम ने 2.023 हेक्टेयर शासकीय भूमि का किया चिन्हांकन

 

भूमि चिन्हांकन के बाद 55 वर्षीय महिला ने किया जहर सेवन, अस्पताल में भर्ती; एसडीएम बोलीं– महिला की जमीन दूसरे खसरा नंबर पर

 

सरगुजा। ग्राम पंचायत रजौटी और ललितपुर के बीच धान खरीदी केंद्र निर्माण स्थल को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार शनिवार को प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। एसडीएम प्राची ठाकुर प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचीं और ग्राम पंचायत रजौटी के सिक्टा पारा में धान खरीदी केंद्र निर्माण के लिए 2.023 हेक्टेयर शासकीय भूमि का चिन्हांकन किया। हालांकि, इस कार्रवाई के कुछ ही देर बाद 55 वर्षीय महिला द्वारा जहर सेवन किए जाने की घटना सामने आने से मामला संवेदनशील हो गया। महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति ग्राम पंचायत रजौटी के लिए हुई थी, लेकिन बाद में केंद्र का निर्माण ललितपुर में कराने की पहल शुरू कर दी गई। इस पर रजौटी के किसानों ने आपत्ति जताते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया था। इसके बाद दोनों गांवों के किसानों के बीच निर्माण स्थल को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। आपसी सहमति नहीं बनने के कारण यह मामला लंबे समय से लंबित था।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को एसडीएम प्राची ठाकुर राजस्व एवं प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्राम पंचायत रजौटी के सिक्टा पारा स्थित खसरा नंबर 109 की कुल 5.855 हेक्टेयर शासकीय भूमि में से 2.023 हेक्टेयर भूमि धान खरीदी केंद्र निर्माण के लिए चिन्हित की। इस दौरान संबंधित भूमि पर काबिज लोग भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद धान खरीदी केंद्र निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

 

भूमि चिन्हांकन के बाद महिला के जहर सेवन से बढ़ी संवेदनशीलता

 

प्रशासनिक कार्रवाई के कुछ ही देर बाद 55 वर्षीय पियासो बाई पति मेघनाथ लकड़ा द्वारा जहर सेवन किए जाने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि मेघनाथ का परिवार लंबे समय से संबंधित क्षेत्र की भूमि पर काबिज था। भूमि चिन्हांकन और कब्जे से जुड़ी कार्रवाई के बाद परिवार में चिंता और तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। इसी बीच महिला द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की बात सामने आई। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

 

एसडीएम ने कहा- महिला की जमीन दूसरे खसरा नंबर पर

 

इस मामले में एसडीएम प्राची ठाकुर ने बताया कि महिला को जमीन को लेकर गलतफहमी हो गई थी, जिसके चलते उसने जहर सेवन कर लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला की जमीन धान खरीदी केंद्र के लिए चिन्हित शासकीय भूमि पर नहीं, बल्कि दूसरे खसरा नंबर पर स्थित है। मौके पर सभी संबंधित कब्जाधारी भी उपस्थित थे। फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर है।

 

दो पंचायतों के किसानों को मिलेगा लाभ

 

धान खरीदी केंद्र का निर्माण होने से रजौटी और ललितपुर दोनों गांवों के किसानों को सुविधा मिलेगी। किसानों को धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और परिवहन खर्च की बचत होगी तथा उपज विक्रय की प्रक्रिया भी आसान होगी।

 

एक ओर जहां प्रशासनिक पहल से दोनों पंचायतों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद सुलझने की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर भूमि चिन्हांकन के बाद महिला के जहर सेवन की घटना ने कई सवाल भी खड़े किए हैं। अब प्रशासन के सामने धान खरीदी केंद्र निर्माण के साथ-साथ प्रभावित परिवार की भूमि संबंधी स्थिति को स्पष्ट करने और मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई करने की चुनौती भी है।

 

इस दौरान दोनों गांवों के ग्रामीण, संबंधित कब्जाधारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें