कमोदा बिहार रिसॉर्ट के समीप 45 डिसमिल शासकीय भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा
प्रशासन ने चलाया बुलडोजर, शेड व बाउंड्री दीवार तोड़ी गई
अंबिकापुर, 11 मई 2026। जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को अंबिकापुर स्थित कमोदा बिहार रिसॉर्ट के समीप लगभग 45 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासनिक अमला सुबह भारी पुलिस बल एवं राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचा, जहां बुलडोजर की सहायता से अवैध रूप से निर्मित शेड, बाउंड्री व अन्य संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रिसॉर्ट संचालकों द्वारा शासकीय भूमि पर बिना किसी वैध अनुमति के स्थायी निर्माण कराया गया था तथा उक्त भूमि का उपयोग रिसॉर्ट संचालन एवं व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। राजस्व अभिलेखों, सीमांकन एवं नाप-जोख के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित भूमि सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है और उस पर बेजा कब्जा कर निर्माण किया गया है।
बताया गया कि पूर्व में प्रशासनिक टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान संबंधित पक्ष को अतिक्रमण हटाने हेतु निर्देश दिए गए थे। शनिवार को भी प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचा था, जहां संचालकों की ओर से दो दिन की मोहलत मांगी गई थी। उस दौरान कुछ देर तक विरोध एवं हंगामे की स्थिति निर्मित होने के कारण टीम वापस लौट गई थी।
सोमवार को निर्धारित आदेशों के पालन में प्रशासन ने पुनः कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान राजस्व, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों का पंचनामा तैयार कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अतिक्रमण अथवा बिना अनुमति निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा जिलेभर में ऐसे मामलों की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा चिन्हित स्थलों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सूत्रों के अनुसार संबंधित प्रकरण में राजस्व अभिलेख, सीमांकन रिपोर्ट तथा निर्माण संबंधी तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर किसी प्रकार का अवैध निर्माण अथवा कब्जा न करें तथा ऐसी जानकारी मिलने पर प्रशासन को सूचित करें।
हाल के दिनों में अंबिकापुर एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार तेज की गई है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








