जिला पंचायत सरगुजा में लंबित निर्माण कार्यों को लेकर कलेक्टर के सख्त निर्देश अपूर्ण कार्य पूर्ण किए बिना नई स्वीकृति नहीं
अम्बिकापुर। जिला पंचायत सरगुजा अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2017-18 से जनवरी 2024 तक विभिन्न योजनाओं में स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा को लेकर कलेक्टर महोदय द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
दिनांक 17 जनवरी 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर महोदय ने जिले में स्वीकृत निर्माण कार्यों की पूर्ण एवं अपूर्ण स्थिति की जानकारी प्रमाण-पत्र ‘अ’ एवं ‘ब’ के माध्यम से जिला कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, जिन ग्राम पंचायतों में उक्त अवधि के अंतर्गत किसी भी योजना का निर्माण कार्य अपूर्ण है, उन ग्राम पंचायतों में किसी भी योजना से नवीन निर्माण कार्य की स्वीकृति नहीं दी जाएगी, जब तक कि पूर्व में स्वीकृत समस्त निर्माण कार्य पूर्ण न कर लिए जाएँ।
इस संबंध में जिला पंचायत सरगुजा द्वारा समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, जनपद पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि भविष्य में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत भेजे जाने वाले नवीन निर्माण कार्य स्वीकृति प्रस्तावों के साथ निर्धारित प्रारूप में प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से संलग्न कर जिला कार्यालय को प्रेषित किया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा यह कदम निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्ध पूर्णता एवं वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








