

बतौली पुलिस की तत्परता से 13 दिन से लापता व्यक्ति सकुशल बरामद
थाना प्रभारी विवेक सिंह सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की लगातार पतासाजी
बतौली/सरगुजा, 07 सितंबर 2026।
थाना बतौली पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम बोदा खम्हारपारा निवासी सदानंद प्रजापति (50 वर्ष) को सकुशल बरामद कर लिया है। सदानंद प्रजापति विगत 25 अगस्त 2026 से लापता थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदानंद प्रजापति 25 अगस्त की सुबह घर से सिहरी-बहिंगा लेकर जंगल की ओर लकड़ी लेने के लिए निकले थे, लेकिन वापस घर नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों एवं रिश्तेदारों के यहां काफी पता तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।
मामले में सदानंद प्रजापति के भाई ताराचंद प्रजापति (60 वर्ष), निवासी ग्राम बोदा खम्हारपारा द्वारा थाना बतौली में सूचना दी गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 20/2026 दिनांक 30 अगस्त 2026 कायम कर लगातार पतासाजी शुरू की। प्रकरण की परिस्थितियों को देखते हुए धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
थाना बतौली पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्ति के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई गई और संभावित स्थानों पर तलाश की गई। पुलिस के सतत प्रयासों के बाद आज दिनांक 07 सितंबर 2026 को सदानंद प्रजापति को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
सदानंद प्रजापति की सकुशल बरामदगी में थाना प्रभारी विवेक सिंह सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक वीरेंद्र बंजारे, महिला प्रधान आरक्षक मैंविश खाखा एवं आरक्षक अमृत ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पुलिस द्वारा बरामद व्यक्ति से आवश्यक पूछताछ की जा रही है तथा मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सदानंद प्रजापति के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और बतौली पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ









