Search
Close this search box.

सड़क सुरक्षा माह के दौरान यातायात नियमों के प्रति जागरूकता हेतु सारथी सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सड़क सुरक्षा माह के दौरान यातायात नियमों के प्रति जागरूकता हेतु सारथी सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

सरगुजा / 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में सरगुजा पुलिस (यातायात शाखा) द्वारा जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु लगातार विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में सारथी सम्मान योजना के अंतर्गत सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 102 महतारी एक्सप्रेस एवं डायल-112 के 08 वाहन चालकों तथा उनके प्रबंधकों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह अंबिकापुर शहर के स्थानीय घड़ी चौक में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर श्री राहुल बंसल (भा.पु.से.) एवं यातायात शाखा प्रभारी श्री विजय कैवर्त्य द्वारा चयनित वाहन चालकों एवं उनके प्रबंधकों को शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ डीसीसी डायल-112 सरगुजा से प्रधान आरक्षक संजीव कुमार त्रिपाठी, 102 महतारी एक्सप्रेस के संभागीय प्रबंधक श्री राजेश पाठक, डायल-112 सरगुजा के जिला प्रबंधक श्री अजय मंडावी, आरक्षक किशोर तिवारी, पुलिस मितान टीम से अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता, श्रुति तिवारी, अनमोल बारी सहित सरगुजा पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से यह प्रभावशाली संदेश दिया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी किस प्रकार गंभीर सड़क दुर्घटनाओं को जन्म देती है।

सम्मानित वाहन चालकों का चयन उनके अनुशासन, यातायात नियमों के प्रति प्रतिबद्धता, नशामुक्त वाहन संचालन तथा दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता जैसे सराहनीय मानकों के आधार पर किया गया। ये सभी सारथी न केवल अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन कर रहे हैं, बल्कि समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री अमोलक सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित वाहन चालक अन्य चालकों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनका जिम्मेदार व्यवहार समाज में सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ एक गंभीर सामाजिक समस्या हैं, जिनका मुख्य कारण तेज गति, शराब पीकर वाहन चलाना एवं यातायात नियमों की अनदेखी है। इन्हीं चुनौतियों से निपटने हेतु सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष जनवरी माह को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जाता है। इस दौरान जिले के स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान, सेमिनार एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजन को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया जा सके।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें