

सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने नागरिक सुरक्षा मंच देगा कलेक्टर को ज्ञापन
अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में सामाजिक सौहार्द, भाईचारा, समरसता एवं अमन-चैन का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न धर्मों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में शांति एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नागरिक सुरक्षा मंच के बैनर तले दिनांक 08 अक्टूबर 2026, गुरुवार को सुबह 11 बजे जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
नागरिक सुरक्षा मंच ने कहा कि सरगुजा की शांतिपूर्ण सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज में वैमनस्य, तनाव अथवा अशांति का वातावरण उत्पन्न करने वाले किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
मंच द्वारा जिला प्रशासन से मांग की जाएगी कि सोशल मीडिया पर गाली-गलौज, अश्लील टिप्पणियों, अमर्यादित एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा लोगों के बीच वैमनस्य पैदा करने वाले खातों एवं गतिविधियों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक एवं कठोर कार्रवाई की जाए।
नागरिक सुरक्षा मंच ने अम्बिकापुर शहर एवं सरगुजा जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 08 अक्टूबर को सुबह 11 बजे शांतिपूर्ण ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल होकर सामाजिक सद्भाव, भाईचारे एवं शांति का संदेश दें।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








