

समिति प्रबंधक पर शासकीय जमीन के फर्जीवाड़े का आरोप, कलेक्टर के निर्देश पर गिरफ्तारी
एक एकड़ से अधिक शासकीय भूमि को निजी नाम कराने के लिए कथित फर्जी आदेश का सहारा, एक आरोपी फरार
लुण्ड्रा/अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा क्षेत्र में शासकीय भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार कर अवैध रूप से कब्जा करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जांच के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में बरगीडीह सहकारी समिति के प्रबंधक एवं जिला समिति प्रबंधक संघ के अध्यक्ष मोहम्मद मुस्लिम फिरदौसी को लुण्ड्रा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत खाराखोना की शासकीय भूमि को अपने नाम कराने के लिए बिलासपुर राजस्व मंडल का कथित फर्जी आदेश तैयार कर प्रस्तुत किए जाने का आरोप है। इस दस्तावेज के आधार पर शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे और भूमि संबंधी रिकॉर्ड में हेरफेर की आशंका सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार समिति प्रबंधक को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
### धान खरीदी प्रभावित न हो, नए समिति प्रबंधक की मांग
समिति प्रबंधक की गिरफ्तारी के बाद धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक ने सीईओ को पत्र लिखकर समिति में नए प्रबंधक की पदस्थापना की मांग की है, ताकि किसानों की धान खरीदी और समिति का कामकाज बाधित न हो।
### जिले में जमीन फर्जीवाड़े के अन्य मामले भी चर्चा में
सरगुजा जिले में शासकीय एवं राजस्व भूमि से जुड़े फर्जीवाड़े के कई मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं। कुछ मामलों में प्रभावशाली लोगों के नाम भी चर्चाओं में हैं। ऐसे में इस मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई को लेकर लोगों की नजर प्रशासन और पुलिस पर टिकी हुई है।
शासकीय पद एवं जिम्मेदारी से जुड़े व्यक्तियों पर सरकारी जमीन के फर्जीवाड़े के आरोप सामने आने से प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि विवेचना में किन-किन लोगों की भूमिका सामने आती है और शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ










