Search
Close this search box.

दर्रीपारा मारपीट मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, पुलिस अधीक्षक को सौंपा आवेदन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दर्रीपारा मारपीट मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, पुलिस अधीक्षक को सौंपा आवेदन

 

नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह (टिन्नी) ने अपराध क्रमांक 151/2026 की निष्पक्ष जांच कर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने का किया आग्रह

 

अंबिकापुर, 02 सितंबर 2026 दर्रीपारा मोहल्ले में 29 अगस्त 2026 को हुई मारपीट की घटना को लेकर नगर पालिक निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह (टिन्नी) ने पुलिस अधीक्षक, सरगुजा को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। आवेदन में उन्होंने अपराध क्रमांक 151/2026 के अंतर्गत दर्ज प्रकरण की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने का आग्रह किया है।

 

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि 29 अगस्त को दर्रीपारा में दो वाहनों के आमने-सामने आने के बाद सड़क की कम चौड़ाई को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की स्थिति निर्मित हुई। आवेदन के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच विवाद बढ़ने के दौरान दोनों पक्षों को चोटें भी आईं। पूरे घटनाक्रम से संबंधित वीडियो के आधार पर मामले की वस्तुस्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है।

 

हरमिंदर सिंह ने आवेदन में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान राजनीतिक रंजिश के चलते भाजपा के स्थानीय नेताओं एवं समाजसेवी सूर्यप्रकाश साहू का नाम लेकर भी टिप्पणी की गई तथा उन्हें किसी प्रकरण में फंसाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि सूर्यप्रकाश साहू द्वारा पूर्व में सामाजिक एवं जनहित से जुड़े अनेक कार्य किए गए हैं और उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की साजिश अथवा राजनीतिक दुर्भावना की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है।

 

उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि प्रकरण से जुड़े सभी वीडियो, साक्ष्यों एवं बयानों की निष्पक्षता से जांच की जाए तथा संबंधित व्यक्तियों के पूर्व प्रकरणों की भी विधिसम्मत जानकारी लेकर पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाई जाए।

 

हरमिंदर सिंह ने कहा कि निष्पक्ष जांच से ही घटना की वास्तविक सच्चाई सामने आएगी और दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

इस अवसर पर पार्षद जितेंद्र सोनी , विजय सोनी , विपिन पांडेय, दूधनाथ गोस्वामी, राजबहादुर सिंह सहित महिला पार्षद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे ।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें