Search
Close this search box.

NH-43 की बदहाल सड़क को लेकर कांग्रेस का चक्का जाम, लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

NH-43 की बदहाल सड़क को लेकर कांग्रेस का चक्का जाम, लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त

सीतापुर, 02 सितंबर 2026। सीतापुर की बदहाल NH-43 सड़क के सुधार एवं पुनर्निर्माण की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, सीतापुर द्वारा आज सीतापुर रेस्ट हाउस के सामने चक्का जाम आंदोलन किया गया। आंदोलन का नेतृत्व पूर्व खाद्य मंत्री ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय ग्रामीण एवं आम नागरिक मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि NH-43 की जर्जर सड़क को लेकर पूर्व में भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर सड़क सुधार की मांग की गई थी, लेकिन लंबे समय से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों और राहगीरों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के चलते आवागमन प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।

चक्का जाम के दौरान NHI विभाग की लापरवाही भी सामने आई। आंदोलन स्थल पर विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। विभाग की ओर से अन्यत्र पदस्थ प्रभारी इंजीनियर को मौके पर भेजा गया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। आंदोलनकारियों का कहना था कि इतने गंभीर जनहित के मुद्दे पर संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को स्वयं मौके पर उपस्थित होना चाहिए था।

45 करोड़ की लागत से होगा सड़क का निर्माण

आंदोलन के दौरान NHI विभाग के अधिकारियों द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद चक्का जाम समाप्त किया गया। विभाग की ओर से बताया गया कि लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से अंबिकापुर से सीतापुर के बीच जर्जर सड़क का निर्माण/सुधार कार्य कराया जाएगा। साथ ही आश्वासन दिया गया कि बारिश के दौरान ही सड़क सुधार से संबंधित आवश्यक कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि यदि आश्वासन के अनुरूप समय पर सड़क सुधार का कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को पुनः तेज किया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि NH-43 क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसकी बदहाली से हजारों लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण कार्य को धरातल पर उतारना जरूरी है। कांग्रेस ने विभाग एवं प्रशासन से तय समय सीमा में कार्य प्रारंभ कर आम जनता को राहत देने की मांग की है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें