

गुरुप्रीत सिंह सिद्धू एवं उनकी पत्नी पर जानलेवा हमले की निष्पक्ष जांच की मांग, संदिग्धों के नाम FIR में जोड़ने कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
अंबिकापुर, 31 अगस्त 2026। कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह सिद्धू एवं उनकी पत्नी पर हुए जानलेवा हमले की निष्पक्ष जांच तथा मामले में संदेह के दायरे में मौजूद लोगों के नाम प्राथमिकी में जोड़ने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक सरगुजा से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
उल्लेखनीय है कि 29 अगस्त की रात कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरुप्रीत सिंह सिद्धू के घर में घुसकर उनके एवं उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई। हमले में गंभीर रूप से घायल गुरुप्रीत सिंह सिद्धू का रायपुर स्थित डी.के.एस. सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, गुरुप्रीत सिंह सिद्धू ने इस हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू की भूमिका होने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि हमले में शामिल लोग प्रकाश साहू के रिश्तेदार एवं व्यावसायिक भागीदार हैं। कांग्रेस ने दर्ज प्राथमिकी में प्रकाश साहू का नाम शामिल करने सहित पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग पुलिस अधीक्षक से की है।
पुलिस अधीक्षक से चर्चा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने प्रकाश साहू के पूर्व आपराधिक मामलों का उल्लेख करते हुए उसके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना के बाद आरोपी पक्ष का पीड़ित पक्ष से पहले थाने पहुंचना भी जांच का विषय है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विपक्षी दल के रूप में जवाबदेह राजनीति करने के लिए पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने की मांग भी पुलिस अधीक्षक से की।
वहीं, निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने घटना के दौरान हमलावरों के संपर्क में रहे सभी मोबाइल नंबरों एवं व्यक्तियों की पहचान कर उनके कॉल डिटेल की जांच कराने की मांग की, ताकि कथित षड्यंत्र के सूत्रधार तक पहुंचा जा सके।
मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि इस घटना के साथ-साथ हाल के दिनों में सामने आए उन सभी मामलों को भी विधानसभा में प्रश्न के रूप में उठाया जाएगा, जिनमें कांग्रेस के अनुसार भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आई है और पुलिस पर राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
प्रतिनिधिमंडल में मौजूद भानुप्रताप सिंह एवं इरफान सिद्दीकी ने भी घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने, संगठित गुंडागर्दी पर अंकुश लगाने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बहाल करने की मांग पुलिस अधीक्षक से की।
इस अवसर पर अरविंद सिंह, हेमंत तिवारी, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत विशाल जायसवाल, मैदान जायसवाल, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, आशीष वर्मा, नरेंद्र विश्वकर्मा, जमील खान, जीवन यादव, आलोक सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निकी खान, सतीश बारी, बल्केश्वर तिर्की, सौरभ फिलिप, अमित तिवारी राजा, आशीष जायसवाल, अविनाश कुमार, अमित सिंह, विकास शर्मा, मो. इमरान, तरणराज बाबरा, शिवांशु गुप्ता, अंकित जायसवाल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ










