

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, खैरबार में 6 अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त
4700 किलो महुआ लाहन और 135 लीटर महुआ शराब बरामद, कुल कीमत करीब ₹2.48 लाख
अंबिकापुर, 20 अगस्त 2026। अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अंबिकापुर शहर से लगे ग्राम पंचायत खैरबार में अवैध रूप से संचालित शराब निर्माण ठिकाने पर जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम एवं आबकारी वृत्त अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ लाहन एवं अवैध महुआ शराब बरामद की है।
प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने अमृता तिर्की पति जैमील तिर्की के ठिकाने पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर 6 अवैध शराब भट्ठियां पाई गईं, जिन्हें जब्त किया गया। टीम ने मौके से करीब 4700 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 135 लीटर महुआ शराब बरामद की।
जब्त अवैध शराब एवं अन्य सामग्री की अनुमानित कुल कीमत करीब 2 लाख 48 हजार 500 रुपये आंकी गई है। आबकारी टीम द्वारा बरामद महुआ लाहन के आवश्यक सैंपल लिए गए तथा शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सरिता साहू, सौरभ साहू एवं अनिल गुप्ता सहित आबकारी विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला आबकारी अधिकारी एल.के. गायकवाड ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











