Search
Close this search box.

साइबर जागृति अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

साइबर जागृति अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लगभग 500 छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी

20अंबिकापुर,  अगस्त 2026 डीआईजी/एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी श्री रितेश चौधरी के नेतृत्व में जिले के स्कूल-कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत आज साईं बाबा स्कूल अंबिकापुर, लटोरी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लखनपुर, मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल रघुनाथपुर, धौरपुर बस स्टैंड, थाना सीतापुर क्षेत्र के ग्राम वंदना तथा स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल गांधीनगर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में लगभग 500 छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान बढ़ते साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए OTP, UPI एवं QR Code फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान APK फाइल डाउनलोड करने अथवा किसी के कहने पर QR Code स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। सोशल मीडिया पर निजी फोटो, वीडियो एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।

साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत

कार्यक्रम में साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के महत्व की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने के बाद जितनी जल्दी शिकायत दर्ज कराई जाती है, ठगी गई राशि को रोकने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।

“जागरूकता की एक Selfie” अभियान में भी सहभागिता

कार्यक्रम के दौरान “जागरूकता की एक Selfie” अभियान के तहत छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को जागरूकता QR Code की जानकारी दी गई। उन्हें QR Code के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने QR Code के साथ Selfie लेकर अभियान में सहभागिता की।

कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल के प्राचार्य डॉ. राजकुमार यादव, शिक्षक-शिक्षिकाएं, साईं बाबा स्कूल की प्राचार्य श्रीमती प्राची गोयल, नवा बिहान से श्री मंगल पाण्डेय, उप निरीक्षक अभय तिवारी, सहायक उप निरीक्षक परशुराम पैकरा, महिला थाना से सहायक उप निरीक्षक गंभीर साय, महिला आरक्षक सविता मरावी एवं संगीता, आरक्षक राहुल केरकेट्टा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता एवं राजकुमार ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका पुलिस एवं साइबर जागरूकता टीम द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें