

महापौर का अमर्यादित आचरण, महिला कांग्रेस मोर्चा खोला निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
अम्बिकापुर। नगर निगम की सामान्य सभा में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत द्वारा विपक्षी पार्षदों पर व्यक्तिगत टिप्पणी किए जाने और कथित तौर पर सदन की गरिमा के विपरीत आचरण किए जाने के विरोध में महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोनी के नेतृत्व में कांग्रेस महिला पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सामान्य सभा में कला केंद्र मैदान के आबंटन से जुड़े वायरल ऑडियो में पैसों के लेन-देन के आरोपों की जांच में हो रही देरी को लेकर नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने सवाल उठाया था। स्वयं महापौर द्वारा अजाक थाना में आवेदन दिए जाने के बावजूद दो माह तक जांच नहीं होने पर उन्होंने सदन में सवाल उठाया और एक माह के भीतर जांच पूरी कराने के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजने का प्रस्ताव पारित करने कहा।
ज्ञापन में कहा गया कि इस सवाल का तथ्यात्मक जवाब देने के बजाय महापौर ने विपक्षी पार्षदों पर व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं और आवेश में सदन का माहौल बिगाड़ा। महिला कांग्रेस का आरोप है कि महापौर आसंदी को संबोधित करने के बजाय सीधे विपक्षी सदस्यों से उलझीं, अपनी कुर्सी छोड़कर आसंदी की ओर बढ़ीं तथा पानी की बोतल को भी आवेश में लहराया।
महिला कांग्रेस ने कहा कि विपक्ष द्वारा जनहित का सवाल पूछना उसका लोकतांत्रिक अधिकार है। सवाल का जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणी और सत्ता के अहंकार का प्रदर्शन लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। महिला एवं आदिवासी होने की पहचान को अमर्यादित आचरण के बचाव के रूप में इस्तेमाल करना भी उचित नहीं है।
ज्ञापन में सामान्य सभा की CCTV फुटेज एवं वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, पूरे घटनाक्रम की जांच कराने तथा सदन की गरिमा भंग करने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही कला केंद्र मैदान के वायरल ऑडियो में लगाए गए पैसों के लेन-देन संबंधी आरोपों की जांच में हुई देरी की भी जांच कर समयबद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि कांग्रेस महिला जनप्रतिनिधियों के सम्मान और सदन की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। विपक्ष जनता के सवाल उठाता रहेगा और सवाल पूछने पर व्यक्तिगत हमले तथा सत्ता का अहंकार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद हसन खान,कलीम अंसारी,बाबर इदरीसी,शुभम जायसवाल,गीता प्रजापति,जेनेविवा कुजूर, निम्न राशि एक्का,मेघा खांडेकर पूर्व विनोद एक्का,पार्षद संध्या रवानी,नुजहत फातिमा,गीता रजक, मल्टी सिंह,शालिनी नंद, प्रीति सिंह,उर्मिला विश्वास, सपना सिंहा, रश्मि सोनी, चंचला शांडिल्य, हामिदा बानो सहित महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











