- सीतापुर विवाद प्रकरण में दो आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई, नायब तहसीलदार का हो सकता है अन्यत्र स्थानांतरण , समाधान की ओर बढ़ता मामला
सीतापुर, सरगुजा। विगत दिनों राजापुर उप तहसील से जुड़े विवाद और उसके बाद शुरू हुए राजस्व विभाग के आंदोलन के बीच मामले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। थाना सीतापुर में दर्ज अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत नामजद दो आरोपियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई किए जाने के बाद अब पूरे घटनाक्रम के समाधान की उम्मीद बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 को तत्कालीन नायब तहसीलदार तुषार मानिक द्वारा प्रस्तुत लिखित आवेदन के आधार पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 190/2026 धारा 221, 121(1), 132 एवं 191(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस विवेचना के दौरान 3 जून 2026 को प्रकरण के नामजद आरोपी नाजीम रजा (34 वर्ष), निवासी ग्राम पेट, तथा पंकज गुप्ता (30 वर्ष), निवासी ग्राम कोटछाल, थाना सीतापुर, ने पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके पश्चात पुलिस द्वारा उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार प्रकरण की विवेचना अभी जारी है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इधर विवाद के केंद्र में रहे नायब तहसीलदार तुषार मानिक को राजापुर उप तहसील से हटा जा सकता है उनका कहीं अन्यत्र स्थानांतरण किया जा सकता है। प्रशासन के इस निर्णय को विवाद को शांत करने और सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इस प्रकरण को लेकर पिछले तीन दिनों से राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा हड़ताल की जा रही थी। हड़ताल के कारण नामांतरण, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र सहित अनेक राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हुए, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अब आरोपियों पर कार्रवाई और प्रशासनिक स्तर पर किए गए निर्णयों के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि विवाद का समाधान निकल सकेगा तथा राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली जल्द सामान्य हो पाएगी। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन और कर्मचारियों से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्य बहाली की अपेक्षा व्यक्त की है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








