Search
Close this search box.

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली का रात्रिकालीन आकस्मिक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु दिए गए आवश्यक निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली का रात्रिकालीन आकस्मिक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु दिए गए आवश्यक निर्देश

बतौली 30 मई 2026। जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 29 मई 2026 को रात्रि 09:05 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों की देखभाल तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान महिला वार्ड में केवल महिला मरीजों तथा पुरुष वार्ड में केवल पुरुष मरीजों को भर्ती किए जाने के निर्देश दिए गए। अस्पताल परिसर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आईईसी (IEC) सामग्री अपेक्षाकृत कम मात्रा में पाए जाने पर इसे अधिक संख्या में प्रदर्शित करने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि आम नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सके।

सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जीवनदीप समिति के माध्यम से सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत योजना एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण की स्थिति की जानकारी ली गई। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को अस्पताल परिसर एवं वार्डों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर भोजन उपलब्ध हो रहा है या नहीं, इसकी जानकारी भी ली गई।

अस्पताल के रसोईघर भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए उसकी मरम्मत के लिए उच्च कार्यालय को प्रस्ताव एवं पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। आईसीयू कक्ष में विशेष रूप से स्वच्छता एवं रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ मधुर एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस, वाहन चालक तथा ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों के नाम एवं संपर्क विवरण नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। उपस्थिति पंजी का अवलोकन करते हुए हस्ताक्षरों में किसी प्रकार की काट-छांट अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि नहीं करने की हिदायत दी गई।

स्टाफ नर्सों को निर्धारित नर्सिंग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाने को कहा गया।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें