Search
Close this search box.

जल जीवन मिशन की करोड़ों की योजना बनी शोपीस, घुटरापारा के ग्रामीणों को नहीं मिल रहा पानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जल जीवन मिशन की करोड़ों की योजना बनी शोपीस, घुटरापारा के ग्रामीणों को नहीं मिल रहा पानी

बतौली/सरगुजा। केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी “हर घर जल” जल जीवन मिशन योजना सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम घुटरापारा में सवालों के घेरे में आ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग 1 करोड़ 79 लाख 98 हजार रुपये की लागत से संचालित योजना केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई है, जबकि गांव के लोगों को आज तक बूंद भर भी पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों के अनुसार योजना के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाने, घरेलू नल कनेक्शन, पानी टंकी निर्माण सहित समस्त संबंधित कार्य किए जाने थे, लेकिन धरातल पर स्थिति बेहद खराब है। कई स्थानों पर अधूरे कार्य, खराब गुणवत्ता और जल आपूर्ति पूरी तरह बंद होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार योजना का कार्य 30 अप्रैल 2023 से प्रारंभ किया गया था। कार्य एजेंसी के रूप में अग्रवाल एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वहीं योजना में कार्य प्रभारी उप अभियंता प्रदीप केरकेट्टा, सहायक अभियंता एस.एस. पैकरा तथा कार्यपालन अभियंता प्रदीप खलखो बताए गए हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच महेश एक्का एवं सचिव कमलेश की भी जिम्मेदारी तय है।

ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं होना गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार की ओर संकेत करता है। लोगों ने आरोप लगाया कि योजना का लाभ आम ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पाया है और अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति में लगे हुए हैं।

आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द योजना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं की गई तथा गांव में सुचारु पेयजल व्यवस्था शुरू नहीं हुई, तो ग्रामवासी उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं शासन से मांग की है कि जल जीवन मिशन की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण कराया जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें