




निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों में आक्रोश, बतौली विकासखंड से लगातार मिल रही शिकायतें


बतौली / सरगुजा जिले में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा निजी स्कूलों की मनमानी के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए कई स्कूलों को नोटिस जारी किए जाने के बाद अब बतौली विकासखंड से भी अभिभावकों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
अभिभावकों का आरोप है कि क्षेत्र में संचालित निजी स्कूलों द्वारा एडमिशन फीस, ड्रेस एवं किताबों के नाम पर मनमाने तरीके से अवैध वसूली की जा रही है। हालांकि अधिकांश अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं, जिसके चलते वे खुलकर विरोध करने से बच रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी स्कूलों की इस मनमानी से बड़ी संख्या में अभिभावक परेशान हैं और शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का भी कई स्कूलों द्वारा पालन नहीं किया जा रहा है। कई स्कूल निर्धारित मापदंडों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहे हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
गौरतलब है कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा हाल ही में जिले के कुछ निजी स्कूलों में अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। ऐसे में अब बतौली क्षेत्र से सामने आ रही शिकायतों के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित विभाग इन स्कूलों के खिलाफ किस प्रकार की कार्रवाई करता है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ












