




निजी स्कूलों की मनमानी पर प्रशासन सख्त, तीन स्कूलों को नोटिस जारी


अम्बिकापुर / अम्बिकापुर में निजी विद्यालयों द्वारा संचालित कथित अनियमितताओं एवं अभिभावकों से की जा रही अवैध वसूली के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक जांच अभियान चलाया।
जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में गठित जांच टीम द्वारा शहर के विभिन्न निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया गया, जिसमें न्यू डीपीएस स्कूल, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल एवं कार्मेल स्कूल में कई प्रकार की गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि अभिभावकों से वसूली जा रही थी। साथ ही, एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के स्थान पर निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें विद्यार्थियों को पढ़ाने का मामला भी उजागर हुआ।
विशेष रूप से यह भी पाया गया कि संबंधित किताबें केवल एक निर्धारित दुकान—एमपी डिपार्टमेंटल स्टोर—पर ही उपलब्ध कराई जा रही थीं, जिससे अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अभिभावकों ने भी जांच टीम के समक्ष खुलकर अपनी शिकायतें दर्ज कराई और स्कूल प्रबंधन द्वारा की जा रही मनमानी एवं गड़बड़ियों का खुलासा किया।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है तथा निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली के मामलों में जुर्माना भी लगाया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध वसूली एवं नियमों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी इस प्रकार की जांच एवं कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ












