




राशन वितरण में लापरवाही पर सख्त हुए मंत्री राजेश अग्रवाल, जांच के दिए निर्देश


अंबिकापुर /अंबिकापुर क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत राशन वितरण में अनियमितताओं को लेकर खाद्य मंत्री राजेश अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उदयपुर एवं लखनपुर ब्लॉक से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से ग्रामीण हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं मिलने की शिकायतें गंभीर हैं और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि जांच में यह पाया जाता है कि पात्र हितग्राहियों को राशन नहीं मिल रहा है, तो संबंधित राशन दुकानदारों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने राशन की कालाबाजारी की बात को भी स्वीकार करते हुए कहा कि इस पर सख्ती से नियंत्रण आवश्यक है। इस संबंध में संबंधित एसडीएम को निर्देशित किया गया है कि पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें।
मंत्री ने यह भी बताया कि पिछले शासनकाल से संचालित राशन दुकानों में कार्यरत लोगों को तत्काल नहीं बदला गया था, बल्कि सुधार की अपेक्षा के साथ उन्हें कार्य जारी रखने का अवसर दिया गया था। हालांकि, लगातार शिकायतें मिलने के बाद अब व्यवस्था में सुधार हेतु कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए राशन वितरण प्रणाली को दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ













