




किसानों के हित में सहकारी बैंक शाखाओं की कैश लिमिट बढ़ाने की मांग


सरगुजा। भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिल निराला उरांव ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी को पत्र लिखकर जिला सरगुजा के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखाओं की कैश लिमिट बढ़ाने की मांग की है।
उन्होंने ज़िले के बैंको में आ रही भुगतान की समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि सरगुजा जिले के सीतापुर, बतौली, पेटला, लुण्ड्रा, धौवरपुर, मैनपाठ, लखनपुर, उदयपुर एवं अंबिकापुर सहित विभिन्न शाखाओं में धान विक्रय करने वाले कृषकों की संख्या लगभग 52,553 है। किसानों की संख्या अधिक होने के बावजूद बैंक शाखाओं की वर्तमान कैश लिमिट बहुत कम है, जिसके कारण किसानों को एक बार में केवल 20 हजार से 49 हजार रुपये तक ही भुगतान किया जा रहा है।
इस स्थिति के चलते किसानों को बार-बार बैंक शाखाओं के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और श्रम दोनों की हानि हो रही है। साथ ही स्थानीय व्यापारियों को भी अपने व्यवसाय के संचालन और विस्तार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अनिल निराला उरांव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि किसानों और व्यापारियों के हित को ध्यान में रखते हुए जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखाओं की कैश लिमिट बढ़ाई जाए, जिससे भुगतान प्रक्रिया सुगम हो सके और जिले के आर्थिक विकास को गति मिले।
उन्होंने यह भी निवेदन पर मुख्यमंत्री के द्वारा इस संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करते हुए लिमिट बढ़ाये जाने का आश्वासन दिया है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ













