Search
Close this search box.

अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मुख्यमंत्री व गृह मंत्री को दी बधाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मुख्यमंत्री व गृह मंत्री को दी बधाई

अंबिकापुर/सीतापुर, 10 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने एक महत्वपूर्ण विषय उठाते हुए राज्य में अर्धसैनिक बलों के लिए अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन को लेकर माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा को धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

 

विधानसभा में अपने प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री टोप्पो ने कहा कि देश एवं देशवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने देश में घटित प्रमुख आतंकी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2001 में संसद भवन पर आतंकी हमला, 2002 में अक्षरधाम मंदिर पर हमला, 2005 में अयोध्या राम मंदिर पर हमला तथा 2008 में मुंबई जैसे महानगर पर हुआ आतंकी हमला देश की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के बाद केंद्र व विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। संसद की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई, मुंबई हमले के बाद महाराष्ट्र सरकार ने फोर्स वन नामक विशेष दस्ता गठित किया तथा भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का गठन किया गया।

 

विधायक श्री टोप्पो ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने दूरदर्शिता का परिचय देते हुए किसी बड़ी घटना के घटित होने से पहले ही राज्य की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) का गठन किया है, ताकि किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में सुरक्षा बल प्रभावी रूप से मुकाबला कर सकें। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया।

 

साथ ही विधायक श्री टोप्पो ने अपने प्रश्नकाल के दौरान सीतापुर थाना क्षेत्र में कार्यरत पुलिस जवानों एवं उनके परिवारों के लिए आवासीय कॉलोनी निर्माण की मांग भी उठाई। इसके अतिरिक्त उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस को आधुनिक बनाने हेतु अत्याधुनिक हथियार, संसाधन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2026 के बजट सत्र में चर्चा करते हुए मांग रखी।

 

विधायक श्री टोप्पो ने कहा कि सुरक्षा बलों के कल्याण एवं पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण से राज्य की कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा प्रदेश में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें