Search
Close this search box.

चोरी के दो मामलों का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार – नगद रकम बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चोरी के दो मामलों का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार – नगद रकम बरामद
बतौली / सरगुजा जिले के थाना बतौली क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नगद रकम बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संतोष गुप्ता निवासी बतौली मेन रोड ने दिनांक 03 मार्च 2026 को थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी कृषि संबंधी दुकान जय माता दी एग्रो में 02/03/2026 से 03/03/2026 के बीच अज्ञात व्यक्ति द्वारा शटर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया गया तथा काउंटर में रखे लगभग 70 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए गए। इस मामले में थाना बतौली में अपराध क्रमांक 28/26 धारा 305(ए), 331(4), 238 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
इसी प्रकार दूसरे मामले में प्रार्थी योगेश गुप्ता निवासी बतौली मेन रोड ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी दुकान मंजू साड़ी, हरि फैशन एवं योगेश क्लॉथ में दिनांक 03 मार्च 2026 को अज्ञात व्यक्ति द्वारा ताला तोड़कर दुकान में घुसकर काउंटर में रखे लगभग 50 हजार रुपये नगद तथा कपड़े (शर्ट-पेंट व साड़ियां) चोरी कर लिए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 29/26 धारा 305(ए), 331(4), 238 बी.एन.एस. के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस टीम को त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के पालन में थाना बतौली पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी जानकारी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही अशोक मरावी पिता कमला प्रसाद मरावी, उम्र 43 वर्ष, निवासी देवरी डुमरपारा, थाना बतौली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से 2500 रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कपड़े पकड़े जाने के डर से जला दिए तथा शेष नगद राशि खर्च कर दी। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह आदतन अपराधी है।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक रविश लकड़ा, अनूप कुजूर, वीरेंद्र बंजारे, आरक्षक राजू कुजूर, जोगी बड़ा एवं हिमांशु पाण्डेय की सक्रिय भूमिका रही।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें