




गुम बालक को चंद घंटे के भीतर पुलिस ने किया बरामद


अंबिकापुर, दिनांक 09 मार्च 2026 सरगुजा जिले के थाना गांधीनगर क्षेत्र में गुम हुए एक नाबालिग बालक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई पर परिजनों ने सरगुजा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 08 मार्च 2026 को प्रार्थिया द्वारा थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका बड़ा पुत्र अपनी नानी के साथ घर पर था, इसी दौरान वह बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया। परिजनों द्वारा आसपास और परिचितों के यहां काफी तलाश करने के बाद भी बालक का पता नहीं चल सका। इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका व्यक्त करते हुए थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के आधार पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 133/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना गांधीनगर पुलिस और डायल 112 की संयुक्त टीम ने तत्काल बालक की तलाश शुरू की। टीम द्वारा संवेदनशीलता के साथ क्षेत्र में लगातार खोजबीन की गई।
संयुक्त पुलिस टीम के प्रयासों से नाबालिग बालक को सरगवां स्थित सकालो महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के पास से चंद घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घर से निकल गया था और इस दौरान उसके साथ किसी प्रकार की कोई घटना नहीं हुई।
पुलिस द्वारा बालक को सुरक्षित उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। त्वरित कार्रवाई के लिए परिजनों ने सरगुजा पुलिस का आभार जताया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, डीसीसी प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, महिला प्रधान आरक्षक फिलोमीना पन्ना, प्रधान आरक्षक संजीव कुमार त्रिपाठी, आरक्षक घनश्याम देवांगन, जगेश्वर मरकाम, अजय कुमार थवाईत, महेन्द्र कुमार तथा चालक अमित तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ










