Search
Close this search box.

अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, तस्कर मौके से फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, तस्कर मौके से फरार

सीतापुर — वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि जब्त ट्रक अंबिकापुर निवासी संजय अग्रवाल का है। वन विभाग की टीम के पहुंचते ही वाहन चालक और तस्कर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन दिनों उत्तरप्रदेश एवं स्थानीय लकड़ी तस्करों द्वारा सरगुजा क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी का नेटवर्क फैलाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की हरियाली पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इससे पहले भी मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद सीतापुर के सुरेशपुर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त की गई थी।

इसी क्रम में गुरुवार देर रात मुखबिर की सूचना पर वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) विजय नारायण तिवारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने बिसूनपुर स्थित यादव ढाबा के पास कार्रवाई की। टीम ने लकड़ी से भरे ट्रक क्रमांक CG 15 AC 5275 को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक किसी भी प्रकार के वैधानिक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

कार्रवाई की आशंका से वाहन चालक और वाहन में मौजूद तस्कर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने ट्रक को जब्त कर वन विभाग कार्यालय में खड़ा करा दिया है तथा वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में रेंजर विजय नारायण तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई है। ट्रक में लदी लकड़ी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं। ट्रक अंबिकापुर निवासी संजय अग्रवाल का बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

वहीं स्थानीय स्तर पर वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से लकड़ी तस्करी सक्रिय है और संबंधित लोगों की जानकारी होने के बावजूद अक्सर केवल वाहन जब्ती तक ही कार्रवाई सीमित रह जाती है। अब देखना होगा कि इस मामले में वन अधिनियम के साथ-साथ अन्य कानूनी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की सख्त कार्रवाई की जाती है या नहीं।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें