Search
Close this search box.

फेयरवेल पार्टी के जश्न में सड़क सुरक्षा सर्वोपरि, स्टंटबाजी पर होगी सख्त कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फेयरवेल पार्टी के जश्न में सड़क सुरक्षा सर्वोपरि, स्टंटबाजी पर होगी सख्त कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में स्कूल संचालकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित

सरगुजा। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के पूर्व स्कूलों में आयोजित होने वाली फेयरवेल पार्टियों के दौरान छात्रों द्वारा की जाने वाली लापरवाह ड्राइविंग, जानलेवा स्टंटबाजी एवं यातायात नियमों के उल्लंघन की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में आज पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर (सरगुजा भवन) में जिले के समस्त स्कूल संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का उद्देश्य फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्र-छात्राओं को अनुशासित रखते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा पूर्व में घटित दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकना था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों ने उपस्थित स्कूल संचालकों से कहा कि विदाई समारोह विद्यार्थियों के जीवन का एक यादगार अवसर होता है, जिसे अनुशासन एवं गरिमा के साथ मनाया जाना चाहिए। किसी भी स्थिति में यह जश्न दुर्घटना या कानून उल्लंघन का कारण नहीं बनना चाहिए। स्कूल प्रशासन द्वारा छात्रों तक स्पष्ट निर्देश पहुँचाए जाएं कि वे यातायात नियमों का पालन करें।

स्टंटबाजी पर शून्य सहनशीलता

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि फेयरवेल पार्टी के दौरान—

दोपहिया/चारपहिया वाहनों से स्टंट करना,

सड़क पर रील बनाना या प्रदर्शन करना,

तेज रफ्तार व रैश ड्राइविंग करना

जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित वाहन जब्त किए जाएंगे तथा वैधानिक कार्रवाई के साथ ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त/निलंबित किए जाएंगे।

यातायात नियमों का कड़ाई से पालन

बिना हेलमेट वाहन चलाना,

ट्रिपल राइडिंग,

नशे की हालत में वाहन चलाना

पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

अभिभावकों से अपील

सरगुजा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न दें तथा उन्हें सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने हेतु प्रेरित करें।

नाबालिगों पर विशेष निगरानी

यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त ने कहा कि सभी स्कूल अपने परिसरों में नाबालिग छात्रों द्वारा वाहन लाने पर सख्ती से रोक लगाएं, फेयरवेल पार्टी की पूर्व सूचना पुलिस को दें तथा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति निरंतर जागरूक करें।

साइबर सुरक्षा पर भी दिया गया मार्गदर्शन

बैठक के दौरान साइबर सेल से साइबर एक्सपर्ट अनुज जायसवाल द्वारा साइबर ठगी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि—

वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत हेतु cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करें,

चोरी/गुम मोबाइल की जानकारी CEIR पोर्टल पर दर्ज कराएं,

संचार साथी एप्लिकेशन के माध्यम से अपने नाम से जारी सिम की जानकारी लेकर अनधिकृत सिम को ब्लॉक करें,

सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें एवं प्रोफाइल को प्राइवेट रखें।

उपस्थिति

बैठक में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त, साइबर सेल से अनुज जायसवाल, पुलिस मितान के सदस्य अतुल गुप्ता, अनमोल बारी, बसंत, सहित जिले के समस्त स्कूलों के प्राचार्य एवं संचालक उपस्थित रहे।

सरगुजा पुलिस ने अंत में छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे फेयरवेल का आनंद शालीनता एवं सुरक्षा के साथ लें, क्योंकि सड़क सुरक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें