सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो की पहल: किसानों को उन्नत खेती व पशुपालन प्रशिक्षण के लिए राज्य बाहर भेजेंगे
सीतापुर/सरगुजा, 16 जनवरी 2026: सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों को उन्नत खेती एवं पशुपालन में सशक्त बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) चलता में सभी ब्लॉकों से चिन्हित किसानों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।बैठक में पारंपरिक खेती के साथ लाभकारी कृषि तकनीकों पर जोर दिया गया। विधायक श्री टोप्पो ने घोषणा की कि चिन्हित किसानों को विशेष प्रशिक्षण के लिए राज्य से बाहर भेजा जाएगा, जहां उन्हें अंगूर, अनार, केला जैसी फसलों की खेती, पशुपालन, मत्स्य पालन, बकरी पालन एवं सूकर पालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।श्री टोप्पो ने कहा, “सीतापुर में धान के अलावा फूलों की खेती, पशुपालन एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देना आवश्यक है। प्रशिक्षित किसान न केवल स्वयं सशक्त होंगे, बल्कि अन्य किसानों को मार्गदर्शन देकर क्षेत्रीय कृषि क्रांति लाएंगे। इससे आय स्थिर होगी और रोजगार बढ़ेगा।”किसानों ने इस दूरदर्शी पहल की सराहना की तथा इसे क्षेत्र के कृषि विकास का महत्वपूर्ण कदम बताया। श्री टोप्पो की इस योजना से सीतापुर विधानसभा में समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








