Search
Close this search box.

तेज रफ्तार स्विफ्ट और स्कूटी की भीषण भिड़ंत, एक नाबालिग की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तेज रफ्तार स्विफ्ट और स्कूटी की भीषण भिड़ंत, एक नाबालिग की मौत

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली की बदहाल व्यवस्था फिर सवालों के घेरे में

बतौली (सरगुजा) |

बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गायत्री मंदिर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और स्कूटी के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। स्कूटी पर सवार दो नाबालिग बच्चे ट्यूशन जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लाया गया, लेकिन वहां आवश्यक चिकित्सा सुविधा व संसाधन उपलब्ध न होने के कारण उन्हें तुरंत अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शांतिपारा निवासी वैभव खलखो की मौत हो गई, जबकि बतौली निवासी नैतिक गुप्ता की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

घटना की पुष्टि बतौली पुलिस ने की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को उजागर कर दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यदि समय पर और समुचित इलाज मिलता, तो वैभव खलखो की जान बचाई जा सकती थी?

रेफरल सेंटर बनकर रह गया यह स्वास्थ्य केंद्र आखिर कब तक क्षेत्रवासियों की जान से खिलवाड़ करता रहेगा?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य सुविधाएं केवल कागजों और रिपोर्टों तक सीमित हैं, जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। क्षेत्र की जनता यह पूछने को मजबूर है कि क्या उन्हें अपने स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा का अधिकार नहीं है?

वहीं इस हादसे के लिए खराब सड़क भी कहीं न कहीं जिम्मेदार मानी जा रही है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा हाल ही में सड़क पर पेंच रिपेयरिंग का कार्य कराया गया था, लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया गया। सड़क जगह-जगह गड्ढों और खतरनाक कटाव में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।

सरगुजा जिले में प्रशासनिक उदासीनता, जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही और भ्रष्टाचार का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। जनहित से जुड़े मूलभूत मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल फोटो सेशन, बैनर-पोस्टर और दिखावटी गतिविधियों में ही जनप्रतिनिधि सीमित नजर आ रहे हैं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि सीतापुर और आसपास की जनता इन गंभीर मुद्दों पर अपने जनप्रतिनिधियों से किस प्रकार सवाल-जवाब करती है और क्या कभी जवाबदेही तय हो पाएगी ?

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें