सरगुजा पुलिस ने 78,97,000 रुपये की जमीन बेचने की ठगी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया
सरगुजा, अम्बिकापुर: थाना गांधीनगर एवं साइबर सेल अम्बिकापुर की संयुक्त टीम ने एक बड़े जमीन धोखाधड़ी प्रकरण का खुलासा करते हुए निकुंज गुप्ता (44 वर्ष), निवासी दत्ता कॉलोनी, अम्बिकापुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने लोगों से झूठे दावे कर कुल 78,97,000 रुपये की ठगी की थी।घटना की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई जब एक महिला ने शिकायत दर्ज करायी कि उनके पति, जो एसईसीएल भटगांव से सेवानिवृत्त हैं, ने अम्बिकापुर में फार्म हाउस और मकान बनाने हेतु जमीन खरीदने की योजना बनाई थी। इसी सिलसिले में उनका परिचय आरोपी निकुंज गुप्ता से हुआ जो जमीन बेचने का झूठा दस्तावेज बनाकर लोगों को धोखा देता था। आरोपी ने रॉयल पार्क कॉलोनी के पीछे लगभग 10 डिसमिल जमीन दिखाकर कहा कि यह जमीन अनिल अग्रवाल की बहन को कैंसर के इलाज के लिए बेची जा रही है। इसके बाद 2,10,000 रुपये प्रति डिसमिल की दर से सौदा कर लोगों से अलग-अलग तिथियों पर एडवांस रकम ली गई लेकिन रजिस्ट्री कराने के वादे को टालता रहा।अन्य जमीन के भी झूठे वादों के माध्यम से आरोपी ने लगभग 78.97 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने प्रथम दृष्ट्या अपराध प्रमाणित पाते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 भादसं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना आरंभ की। आरोपी लंबे समय से फरार था, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उसे अम्बिकापुर में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी से पूछताछ में उसका अपराध कबूल कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक नवलकिशोर दुबे, और साइबर सेल के अधिकारियों भोजराज पासवान, विकास सिन्हा सहित अन्य पुलिस कर्मियों की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।सामाजिक हित में पुलिस विभाग द्वारा इस प्रकार की धोखाधड़ी रोकने एवं ऐसे तत्वों पर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








