शीतकालीन विधानसभा सत्र में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विधायक रामकुमार टोप्पो ने रखे अहम प्रश्न
रायपुर / सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने शीतकालीन विधानसभा सत्र के तीसरे दिन अपने क्षेत्र से जुड़ी जनसमस्याओं को लेकर सदन में कई महत्वपूर्ण प्रश्न रखे। इन प्रश्नों के माध्यम से उन्होंने शासन का ध्यान आम जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों की ओर आकर्षित किया।
विधायक श्री टोप्पो ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल से प्रश्न करते हुए वर्ष 2023-24 से नवंबर 2025 तक सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में कितने नवीन राशन कार्डों की मांग प्राप्त हुई है, इसकी जानकारी विकासखंडवार एवं ग्राम पंचायतवार मांगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि जांच उपरांत पात्र हितग्राहियों को कितने दिनों के भीतर राशन कार्ड जारी किए जाते हैं तथा वर्तमान में लंबित आवेदनों पर कब तक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त विधायक श्री टोप्पो ने छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल से सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में चिन्हांकित पर्यटन स्थलों की संख्या की जानकारी मांगी। उन्होंने पर्यटन विभाग द्वारा इन स्थलों पर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं जैसे सामुदायिक शौचालय, बैठक व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पार्किंग, साफ-सफाई एवं पर्यटकों की सुरक्षा हेतु सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था के संबंध में भी विस्तृत जानकारी चाही।
उन्होंने मैनपाट स्थित शैला रिसोर्ट एवं करमा एथनिक रिसोर्ट के संबंध में भी प्रश्न उठाते हुए वर्ष 2018 से 2025 तक इनके मेंटेनेंस हेतु विभाग द्वारा कितनी राशि, किन-किन कार्यों के लिए जारी की गई है, इसकी जानकारी मांगी। साथ ही करमा एथनिक रिसोर्ट कितने हेक्टेयर भूमि पर निर्मित है तथा क्या उसका निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, इस पर भी स्पष्टीकरण चाहा।
विधायक श्री टोप्पो ने लोक निर्माण विभाग मंत्री से सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रश्न रखा। वहीं लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से सीतापुर स्थित 100 बिस्तरीय अस्पताल के सेटअप के अनुरूप भर्ती व्यवस्था से संबंधित जानकारी भी मांगी
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








