Search
Close this search box.

सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय में साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय में साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अंबिकापुर, 11 अक्टूबर 2025 — वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस विभाग द्वारा स्कूल-कॉलेजों में छात्रों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता एवं महिला सुरक्षा संबंधी कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आज सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय, अंबिकापुर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित साइबर वॉलंटियर एवं पुलिस मितान श्री अतुल गुप्ता ने छात्रों को डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक, ओटीपी शेयरिंग, फर्जी लोन एप्स, गेमिंग-बेटिंग साइट्स एवं हनी ट्रैप जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की शिकायत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, पोर्टल www.cybercrime.gov.in या संचार साथी पोर्टल (www.sancharsaathi.gov.in) के माध्यम से दर्ज कराई जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा डायल 112, तथा “अभिव्यक्ति” मोबाइल एप के उपयोग संबंधी जानकारी भी दी गई।महिला थाना अंबिकापुर से उपस्थित महिला आरक्षक सविता मरावी एवं लोरेता एक्का ने छात्राओं को महिलाओं से संबंधित ऑनलाइन अपराधों, साइबर उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी जैसे मामलों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक ऑनलाइन घटना की रिपोर्ट करने में हिचकिचाना नहीं चाहिए, सरगुजा पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित कार्यवाही करती है।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिजिटल युग की वास्तविक चुनौतियों के प्रति जागरूक करते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम अधिकारी (रा.से.यो.) रानी रजक, सहायक कार्यक्रम अधिकारी सीमा बंजारे, शिक्षण स्टाफ — मिथलेश कुमार गुर्जर, उर्मिला यादव, सुप्रिया सिंह, सविता यादव, पूजा रानी, ज्योत्सना राजभर, अर्चना सोनवानी, गोल्डन सिंह, अजीत सिंह परिहार, नितेश कुमार यादव, सहित महाविद्यालय के एन.एस.एस. स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

साइबर वॉलंटियर टीम से विक्की गुप्ता, श्रुति तिवारी एवं अनमोल बारी ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को “साइबर सुरक्षा प्रतिज्ञा” दिलाई गई कि वे स्वयं, अपने परिवार और समाज को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने का प्रयास करेंगे तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाएँगे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें