सीतापुर, मैनपाट | 03 जुलाई 2025
सीतापुर / प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की दृष्टि से प्रसिद्ध मैनपाट क्षेत्र, जिसे ‘छत्तीसगढ़ का शिमला’ कहा जाता है, में अवैध खनन गतिविधियों पर सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है।
मैनपाट में आगामी 7 जुलाई से 9 जुलाई तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मंत्रीगण, सांसदगण एवं विधायकों के प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों के निरीक्षण हेतु क्षेत्रीय दौरे पर पहुंचे विधायक श्री टोप्पो ने आज दो बॉक्साइट खदानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि केसरा एवं पथराई क्षेत्रों में संचालित दो बॉक्साइट खदानों में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम (CMDC) की गाइडलाइन का कोई पालन नहीं किया जा रहा था। खदानों में न तो मजदूरों को समय पर मजदूरी दी जा रही थी और न ही घायल श्रमिकों को उचित उपचार उपलब्ध कराया जा रहा था।
इसके साथ ही, बिना वैध परमिट के कई स्थानों से अवैध रूप से बॉक्साइट खनन किया जा रहा था। खनन के बाद प्रभावित भूमि को पुनः भरने या सुधारने का भी कोई प्रयास नहीं किया गया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने इन अनियमितताओं और जनहित की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और दोनों खदानों को तत्काल प्रभाव से शील (बंद) करने के निर्देश जारी किए।
यह कार्रवाई मैनपाट की प्रकृति, पर्यावरण और स्थानीय श्रमिकों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








