छत्तीसगढ़ को वर्ष 2024-25 में जीएसटी एवं वैट से मिला 23,448 करोड़ रुपये का कर राजस्व
18% की जीएसटी वृद्धि दर के साथ छत्तीसगढ़ देश में शीर्ष पर
रायपुर, 02 जुलाई 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय, महानदी भवन में वाणिज्यिक कर (जीएसटी) विभाग की समीक्षा बैठक लेकर वित्तीय वर्ष 2024-25 में कर संग्रहण की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। बैठक में जानकारी दी गई कि चालू वित्तीय वर्ष में राज्य को जीएसटी एवं वैट से कुल 23,448 करोड़ रुपये का कर राजस्व प्राप्त हुआ है। विशेष रूप से, राज्य की जीएसटी संग्रहण वृद्धि दर 18% रही है, जो पूरे देश में सर्वाधिक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए विभागीय अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य की आर्थिक सक्रियता, व्यापारिक अनुशासन और प्रशासनिक पारदर्शिता का परिणाम है। साथ ही उन्होंने कर संग्रहण को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए ठोस रणनीतियों पर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने फर्जी बिलों के माध्यम से कर चोरी, दोहरी बहीखाता प्रणाली, एवं गलत टैक्स दरों का प्रयोग कर अनुचित लाभ लेने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग और डेटा विश्लेषण पर जोर दिया जाए।
बैठक में मुख्य सचिव, वित्त सचिव, वाणिज्यिक कर विभाग के आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








