

मैनपाट में दूसरे सबसे ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना पर सियासी संग्राम, अमरजीत भगत के तंज पर विधायक रामकुमार टोप्पो का पलटवार
पूर्व मंत्री ने कहा– वही काम करना चाहिए जो संभव हो, विधायक बोले– अपने कमिटमेंट पर खरे नहीं उतरने वाले दूसरों के वादों पर सवाल न उठाएं
सीतापुर। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में देश का दूसरा सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की घोषणा अब सियासी बहस का विषय बन गई है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की इस पहल पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने तंज कसते हुए उनकी घोषणाओं पर सवाल उठाए। इसके बाद विधायक रामकुमार टोप्पो ने भी पलटवार करते हुए पूर्व मंत्री के कार्यकाल और उनके पुराने वादों को लेकर निशाना साधा है।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने विधायक की पहल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विधायक कभी मैनपाट को स्विट्जरलैंड बनाने की बात करते हैं, तो कभी दूसरी बड़ी घोषणाएं करते हैं। उन्होंने कहा कि देश का दूसरा सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगाने से किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन नेताओं को वही काम करना चाहिए जो वास्तव में संभव हो।
20 साल का अवसर मिला, फिर भी सवाल क्यों?
अमरजीत भगत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि उनके तीन साल के कार्यकाल में अभी 10 दिन शेष हैं, जबकि अमरजीत भगत को सीतापुर की जनता ने 20 वर्षों तक सेवा करने का अवसर दिया और मंत्री बनने का मौका भी मिला। ऐसे में उनके कार्यकाल की उपलब्धियों और प्रतिबद्धताओं पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
मैनपाट को स्विट्जरलैंड बनाने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए विधायक ने कहा कि हम सीतापुर को स्विट्जरलैंड क्यों बनाएं? हमें किसी दूसरे देश की संस्कृति और परंपराओं को अपनाने की आवश्यकता क्यों है? हमारा अपना क्षेत्र, अपनी संस्कृति और अपनी पहचान है।
विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग अपनी प्रतिबद्धताओं पर खरे नहीं उतर सके, उन्हें दूसरों के वादों पर सवाल खड़े करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने अमरजीत भगत के पुराने मूंछ बनाने वाले कमिटमेंट का भी जिक्र करते हुए उनके वादों पर सवाल उठाए।
राष्ट्रीय ध्वज स्थापना पर विधायक का दावा
देश का दूसरा सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की घोषणा पर विधायक रामकुमार टोप्पो ने स्पष्ट कहा कि झंडा लगाने की बात हुई है और राष्ट्रीय ध्वज निश्चित रूप से स्थापित होगा।
फिलहाल मैनपाट में राष्ट्रीय ध्वज स्थापना की पहल को लेकर दो नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक ओर पूर्व मंत्री ने घोषणा की व्यवहारिकता पर सवाल उठाए हैं, तो दूसरी ओर विधायक अपने संकल्प पर कायम रहने की बात कह रहे हैं।
अब राजनीतिक बयानबाजी से इतर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मैनपाट को वास्तव में देश के दूसरे सबसे ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज की सौगात मिलेगी या यह घोषणा भी सियासी वादों तक ही सीमित रह जाएगी? इसका जवाब आने वाला वक्त देगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ









