

DHT अस्पताल प्रबंधन ने फार्मेसी संचालक पर 65 लाख रुपये हड़पने और धमकी देने का लगाया आरोप
अंबिकापुर। शहर के DHT अस्पताल प्रबंधन ने फार्मेसी संचालक सुशील राय एवं नवीन द्विवेदी पर करीब 65 लाख रुपये की राशि निजी खाते में ट्रांसफर करने, दबाव बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने सरगुजा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सुशील राय पिछले करीब 7-8 वर्षों से अस्पताल परिसर में फार्मेसी का संचालन कर रहे थे। बताया गया कि शुरुआत में अस्पताल परिसर में फार्मेसी दुकान संचालन के लिए पार्टनरशिप हुई थी और दुकान संचालन के साथ वे अस्पताल के कार्यों में भी सहयोग करते थे।
प्रबंधन का आरोप है कि अस्पताल में कथित अनियमितताएं सामने आने के बाद सुशील राय को फार्मेसी दुकान खाली करने तथा अस्पताल से दूर रहने के लिए लिखित एवं मौखिक रूप से कहा गया था। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने अस्पताल के बैंक खाते में अपना निजी मोबाइल नंबर जुड़वाकर नेट बैंकिंग के माध्यम से करीब 65 लाख रुपये अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए।
अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जानकारी बैंक एवं पुलिस को दी। शिकायत के बाद बैंक प्रबंधन द्वारा संबंधित खाते को होल्ड किए जाने की बात अस्पताल प्रबंधन ने कही है।
अस्पताल प्रबंधन का आगे आरोप है कि इसके बाद सुशील राय और नवीन द्विवेदी द्वारा अस्पताल में विभिन्न प्रकार की जांच करवाकर प्रबंधन पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। प्रबंधन के मुताबिक, उनसे एकमुश्त 25 लाख रुपये देने अथवा हर महीने 5 लाख रुपये देने की मांग किए जाने और मांग पूरी नहीं करने पर अंबिकापुर में अस्पताल संचालन नहीं करने देने की धमकी दी गई।
अस्पताल प्रबंधन ने यह भी आरोप लगाया है कि संचालक दंपति को गोली मारने की धमकी दी गई तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया। इन आरोपों को लेकर प्रबंधन की ओर से सरगुजा पुलिस में कई बार शिकायत किए जाने की बात कही गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पूरे मामले में सरगुजा पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











