Search
Close this search box.

राजीव गांधी शिक्षा मिशन के करोड़ों रुपये के फर्नीचर घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजीव गांधी शिक्षा मिशन के करोड़ों रुपये के फर्नीचर घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। राजीव गांधी शिक्षा मिशन में वर्ष 2011-12 में हुए करोड़ों रुपये के फर्नीचर खरीदी घोटाले के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी एसपी पाण्डेय तथा दर्शन फेब्रिकेशन फर्म के प्रोपराइटर संजय पटेल सहित तीन आरोपी शामिल हैं।

ACB के अनुसार, वर्ष 2011-12 में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के अंतर्गत फर्नीचर खरीदी में अनियमितता और कथित भ्रष्टाचार से संबंधित मामला सामने आया था। प्रकरण की जांच के दौरान सामने आए दस्तावेजों, साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने यह कार्रवाई की है।

बताया जा रहा है कि करीब दो माह पूर्व ACB की टीम ने संबंधित कार्यालय पहुंचकर फर्नीचर खरीदी से जुड़े हार्ड दस्तावेजों के साथ-साथ डिजिटल दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जब्त किए थे। इन दस्तावेजों की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अब तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।

वर्ष 2011-12 में हुए इस फर्नीचर घोटाले की जांच में विभाग के 6 से 7 अधिकारियों की भूमिका सामने आने की बात कही गई थी, वहीं फर्नीचर खरीदी प्रक्रिया में करीब 12 फर्मों के शामिल होने की जानकारी सामने आई थी।

मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 120(बी) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1) एवं 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

ACB द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर प्रकरण में उनकी भूमिका तथा फर्नीचर खरीदी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे और भी कार्रवाई होने की संभावना है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें