Search
Close this search box.

एनएसयूआई के छात्र संवाद कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने होलीक्रॉस स्कूल के विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एनएसयूआई के छात्र संवाद कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने होलीक्रॉस स्कूल के विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

अंबिकापुर। एनएसयूआई के छात्र संवाद कार्यक्रम के तहत बुधवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव ने होलीक्रॉस स्कूल के सभाकक्ष में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने देश, समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहर की सड़क व्यवस्था और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछे, जिनका सिंहदेव ने सहजता से जवाब दिया।

जेन जी और जेन अल्फा के विचारों, उनकी अपेक्षाओं और मांगों को समझने तथा उनके विचारों को प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव की पहल पर सरगुजा एनएसयूआई द्वारा छात्र संवाद कार्यक्रम की श्रृंखला शुरू की गई है। इस कार्यक्रम की पहली कड़ी में 30 जुलाई को माउंट लिटेरा स्कूल के छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया था।

होलीक्रॉस स्कूल में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जेन जी के जंतर-मंतर आंदोलन, छत्तीसगढ़ में शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था, आधारभूत ढांचे की स्थिति और अंबिकापुर शहर की सड़कों सहित सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल किए। विद्यार्थियों ने सिंहदेव से उनके निजी जीवन और रुचियों से जुड़े सवाल भी पूछे। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि वे किन पुस्तकों को पढ़ना पसंद करते हैं और ऑस्ट्रेलिया में उनके स्काईडाइविंग अनुभव कैसे रहे।

साहित्यिक रुचि से जुड़े सवाल पर टी.एस. सिंहदेव ने बताया कि वे लाइट फिलॉसफी वाले लेखन को पढ़ना पसंद करते हैं और स्वामी विवेकानंद से संबंधित साहित्य का गहराई से अध्ययन करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक व्यक्ति होने के कारण आमजन से नियमित संवाद और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों में दिन का अधिकांश समय व्यतीत होता है, जिसके चलते साहित्य अध्ययन के लिए सीमित समय मिल पाता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में सूचनाएं प्राप्त करने के लिए वे यू-ट्यूब का भी काफी उपयोग करते हैं।

छात्रों से संवाद करते हुए सिंहदेव ने कहा कि अच्छी शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि भविष्य में एक अच्छा नागरिक बनना भी है। उन्होंने कहा कि जेन जी और जेन अल्फा को अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरना तकलीफदेह स्थिति है। सरकार को युवाओं की समस्याओं को समझने के लिए उनसे सार्थक संवाद करना चाहिए और उनकी जायज मांगों का समाधान करना चाहिए।

इस अवसर पर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने बताया कि छात्र संवाद कार्यक्रम की यह श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी। इसके तहत स्कूलों के साथ-साथ महाविद्यालयों में भी छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके विचार, समस्याएं और अपेक्षाएं जानने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान होलीक्रॉस स्कूल प्रबंधन के साथ सतीश बारी, अंकित जायसवाल, ऋषिकेश मिश्रा एवं धीरज गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें