Search
Close this search box.

कटईपारा के ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित, पक्की सड़क और स्वच्छ पेयजल की मांग तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कटईपारा के ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित, पक्की सड़क और स्वच्छ पेयजल की मांग तेज

बतौली/सरगुजा। आजादी के 75 वर्ष बाद भी सरगुजा जिले के विकासखंड बतौली अंतर्गत ग्राम पंचायत सरमना के कटईपारा मोहल्ले में रहने वाले ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। लगभग 20 घरों की आबादी वाले इस मोहल्ले के लोगों को आज भी पक्की सड़क और स्वच्छ पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क नहीं होने के कारण पूरे मोहल्ले में कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। वहीं गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। मोहल्ले में पेयजल के नाम पर आंगनबाड़ी केंद्र के पास केवल एक हैंडपंप है, जो अक्सर खराब रहता है।

करीब 60 वर्षीय ग्रामीण मुक्ति एक्का ने बताया कि पक्की सड़क और पेयजल की मांग को लेकर कई बार शासन-प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि “बरसात में कीचड़ से निकलना मुश्किल हो जाता है और गर्मी में पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। मजबूरी में पास के नाले पर बने चेकडैम के पानी का उपयोग पीने और नहाने के लिए करना पड़ रहा है।”

ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों का इस क्षेत्र में आना-जाना बहुत कम होता है। पंचायत सचिव भी कभी-कभार ही मोहल्ले में पहुंचते हैं, जिससे लोगों की समस्याएं अनसुनी रह जाती हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कटईपारा में शीघ्र पक्की सड़क एवं सीसी रोड का निर्माण कराया जाए तथा स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सुशासन तिहार के दौरान शासन-प्रशासन से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की गई है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें